सादाबाद 29 अगस्त । मुरसान मार्ग पर आज शेरपुर गांव के पंचायत घर मोड़ के पास एक ई-रिक्शा और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर बाइक सवार युवक समीर के ऊपर पलट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, शेरपुर निवासी समीर अपनी बाइक से मुरसान मार्ग की ओर जा रहा था। पंचायत घर के पास मोड़ पर सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उसकी बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद ई-रिक्शा समीर के ऊपर पलट गया और वह उसके नीचे दब गया। दुर्घटना स्थल पर चीख-पुकार मचने के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए ई-रिक्शा को उठाकर समीर को बाहर निकाला। इसके बाद घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया गया।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने घायल समीर का प्राथमिक उपचार किया। जांच के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई गई। हादसे की सूचना मिलने पर घायल के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। ग्रामीणों ने बताया कि मुरसान मार्ग पर मोड़ वाले स्थानों पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि वे मोड़ पर अपनी गति धीमी रखें और सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।












