सादाबाद (सहपऊ) 29 अगस्त । क्षेत्र के गांव मढ़ाका निवासी युवा एथलीट लवकेश ने प्रयागराज में 23 से 25 अगस्त तक आयोजित 61वीं यूपी स्टेट जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-18 की 1000 मीटर दौड़ स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। आज को प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर गांव लौटे लवकेश का ग्रामीणों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। ग्रामीणों ने लवकेश और उनके प्रशिक्षक अनिल कुमार को माला पहनाकर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई।
लवकेश पिछले काफी समय से फरीदाबाद में नियमित प्रशिक्षण और अभ्यास कर रहे हैं। उनके प्रशिक्षक एवं गांव पीहुरा निवासी अनिल कुमार ने बताया कि लवकेश अगले महीने उत्तराखंड में आयोजित होने वाली जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की तैयारी में जुटा है। वह प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है।
प्रशिक्षक ने कहा कि लवकेश की लगन और मेहनत को देखते हुए उन्हें पूरा विश्वास है कि वह उत्तराखंड में होने वाली प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल करेगा। लवकेश की उपलब्धि पर स्वागत करने वालों में क्षेत्र के युवा नेता साकेत चौधरी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामकुमार उर्फ कलोदी काका, रवि पचौरी, श्यामवीर सिंह, राकेश कुमार, मुकेश कुमार, दलवीर सिंह बीडीसी, रघुवीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, सुभाष चौधरी, ललित कुमार, मुकुल, दीपक, करन, शनि चौधरी, प्रिंस सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।












