सादाबाद (सहपऊ) 29 अगस्त । क्षेत्र के गांव नगला बैनी निवासी 25 वर्षीय सात माह की गर्भवती विवाहिता की शुक्रवार रात उपचार के लिए आगरा ले जाते समय मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद विवाहिता के ससुराल और मायके पक्ष में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार गांव नगला बैनी निवासी नीरू पत्नी राधारमण सात माह की गर्भवती थी। मृतका के पति ने बताया कि उसकी शादी अप्रैल 2025 में जनपद फिरोजाबाद के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के गांव नगला गुलाल निवासी जहान सिंह की पुत्री नीरू से हुई थी।
बताया गया कि नीरू को पिछले कई दिनों से बुखार आ रहा था। शुक्रवार रात अचानक उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए आगरा लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। विवाहिता की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मृतका के मायके पक्ष को भी दी गई, जिसके बाद रात में मायके के लोग गांव पहुंच गए। मायके पक्ष की ओर से घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि कोतवाली पर अभी किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।












