सादाबाद 28 अगस्त । सहपऊ कोतवाली क्षेत्र के कुकरगंवा गांव में मलबा डालने का विरोध करने पर दो बहनों के साथ मारपीट की गई। पीड़ित विनोद कुमार की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के आदेश पर सहपऊ पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
यह घटना 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के दिन हुई थी। विनोद कुमार की 23 वर्षीय बेटी संध्या अपने पशुओं के घेर पर गाय को चारा खिलाने गई थी। उसी दौरान पड़ोसी हरेंद्र के निर्माणाधीन मकान का मलबा पशुओं के नीचे डाला जा रहा था। संध्या ने इसका विरोध किया तो उसके साथ अभद्रता की गई और मारपीट की गई। शोर सुनकर संध्या की बड़ी बहन गौरी मौके पर पहुंची। आरोप है कि हरेंद्र, विजय पाल, विजय सिंह, शिशुपाल, डोली, श्यामा, सीमा पत्नी विजय पाल और किरण पुत्री विजय सिंह ने एक राय होकर दोनों बहनों को पीटा। पीड़ित विनोद कुमार ने इस मामले में न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया था। एसपी के आदेश के बाद सहपऊ पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पीड़ित का यह भी आरोप है कि घटना के बाद थाना में शिकायत करने पर दरोगा कृपाल सिंह मौके पर आए थे, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। पीड़ित ने बताया कि आरोपी रोजाना शराब पीकर गाली-गलौज करते हैं।











