
लखनऊ 27 अगस्त। प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को सितंबर माह में बिजली बिल में बड़ी राहत मिलने जा रही है। पावर कॉरपोरेशन ने ईंधन एवं बिजली खरीद समायोजन अधिभार (एफपीपीएएस) में 7.93 प्रतिशत की कमी करने का आदेश जारी कर दिया है। इससे प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को करीब 604 करोड़ रुपये का लाभ मिलने का अनुमान है। राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने बताया कि सितंबर माह के लिए एफपीपीएएस में 7.93 प्रतिशत की कमी का आदेश जारी किया गया है। इससे पहले जुलाई माह में उपभोक्ताओं को 4.43 प्रतिशत और अगस्त में 2.92 प्रतिशत की कमी का लाभ मिल चुका है। लगातार तीसरे महीने एफपीपीएएस में कमी से उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि विद्युत नियामक आयोग द्वारा एफपीपीएएस की गणना को लेकर दिए गए स्पष्ट निर्देशों के बाद यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि समायोजन केवल संबंधित अवधि की वास्तविक विद्युत क्रय लागत और अनुमन्य ट्रांसमिशन शुल्क के आधार पर ही किया जाए। उन्होंने इसे बिजली उपभोक्ताओं के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।










