Hamara Hathras

Latest News

सासनी 27 अगस्त। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर एसबीएस यूनियन स्कूल में राखी मेकिंग एवं मेहंदी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के डायरेक्टर एवं प्रमुख उद्योगपति डॉ. विकास सिंह ने किया। कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए राखी मेकिंग तथा कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों के लिए मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने आकर्षक राखियां तैयार कर और हाथों पर सुंदर मेहंदी रचाकर अपनी रचनात्मक एवं सृजनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। डॉ. विकास सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच विकसित करने में इस प्रकार की प्रतियोगिताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। मेहंदी प्रतियोगिता में कक्षा 9-बी की सारिका श्रीवास्तव एवं लावण्या दिवाकर संयुक्त रूप से प्रथम, कक्षा 9-बी की टिया एवं कक्षा 8-ए की प्रांशी द्वितीय तथा कक्षा 6-ए की चारु तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं राखी मेकिंग प्रतियोगिता में कक्षा 5-ए की लक्ष्मी ने प्रथम, कक्षा 3-बी के रिषित एवं कक्षा 5-ए की कनक ने संयुक्त रूप से द्वितीय तथा कक्षा 4-बी के लक्ष्य वार्ष्णेय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के विजेताओं का चयन निर्णायक मंडल के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। विद्यालय के प्रधानाचार्य दुर्गेश पचौरी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपने ज्ञान और प्रतिभा को बहुआयामी बनाना चाहिए, ताकि वे समाज और राष्ट्र के विकास में अपना योगदान दे सकें। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। अंत में एसबीएस यूनियन स्कूल परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page