Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 27 अगस्त। अलीगढ़-आगरा रोड पर आज सुबह सिसोदिया ढाबे के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान एक रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में रोडवेज बस चालक समेत करीब डेढ़ दर्जन यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि रोडवेज बस यात्रियों को लेकर सड़क मार्ग से जा रही थी। सिसोदिया ढाबे के पास चालक ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री घायल हो गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के साथ घायलों की मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने अस्पताल में घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page