Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 26 अगस्त। सादाबाद थाना क्षेत्र के नगला बनारसी गांव में एक बुजुर्ग महिला ने गांव के ही कई लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने और जेवर खींचने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि घटना के बाद थाना सादाबाद में तहरीर देने के बावजूद अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता शीला देवी पत्नी लाखन सिंह के अनुसार घटना 3 अगस्त 2026 की शाम करीब छह बजे की है। वह अपने घर के अंदर बैठी थीं, तभी गांव के पदम सिंह, सुनीता पत्नी पदम सिंह, अरविंद, भोला, सुखपाल, सत्यवीर, नितिन और हरपाल समेत कई लोग कथित रूप से लाठी-डंडे और सरिया लेकर उनके घर में घुस आए। आरोप है कि घर में घुसते ही आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर मारपीट करने लगे।

शीला देवी का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके कान के कुंडल, मंगलसूत्र और नाक की लौंग खींच ली गई। कुंडल खींचे जाने से उनके कान में चोट लगने की बात भी प्रार्थना पत्र में कही गई है। महिला के शोर मचाने पर उनके पति लाखन सिंह और पुत्र मौके पर पहुंचे तथा उन्हें बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि हमलावरों ने उनके पति और पुत्र के साथ भी मारपीट की। पीड़िता के अनुसार शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने बीच-बचाव कर महिला और उसके परिवार को बचाया। आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़िता ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने उसका मेडिकल कराया। महिला का कहना है कि घटना के बाद भय के कारण वह तत्काल मुकदमा दर्ज कराने की स्थिति में नहीं थी। बाद में उसने थाना सादाबाद में तहरीर दी, लेकिन आरोप है कि अभी तक मामले में कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस स्तर से जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जानी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page