Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 26 अगस्त। रक्षाबंधन के मौके पर मिलावट की आशंका के चलते आज पुलिस-प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मिठाई विक्रेताओं के यहां छापामार कार्रवाई की। त्योहारों से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। टीम ने दो स्थानों से मावा और निर्मित मिठाइयों के कुल 10 नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। एसडीएम रितु सिरोही के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने सबसे पहले चंद्र मिष्ठान भंडार के गोदाम पर जांच-पड़ताल की। टीम ने वहां रखे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण और भंडारण की स्थिति का निरीक्षण किया।इसके बाद टीम विनोबा नगर स्थित एक मिठाई विक्रेता के गोदाम पर पहुंची। यहां भी खाद्य पदार्थों की जांच की गई और मावा तथा तैयार मिठाइयों के नमूने लिए गए। इस दौरान विनोबा नगर के विक्रेता के यहां से गुणवत्ता रहित दूध भी मिला, जिसे तत्काल नष्ट कर दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दोनों स्थानों से मावा और निर्मित मिठाइयों के पांच-पांच नमूने एकत्र किए गए हैं। इन सभी नमूनों को विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की मिलावट या गुणवत्ता संबंधी कमी पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान मिठाइयों और मावा की मांग बढ़ जाती है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए यह अभियान तेज किया है। अधिकारियों ने सभी मिठाई विक्रेताओं को साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। छापेमारी के दौरान स्थानीय प्रशासन के साथ जनपद के खाद्य सुरक्षा अधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक जेएन अस्थाना सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। टीम की अचानक हुई इस कार्रवाई से आसपास के अन्य मिठाई विक्रेताओं में भी हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page