Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 26 अगस्त। चीनी की बढ़ती कीमतों और जमाखोरी की आशंका के चलते जिला प्रशासन ने दो चीनी गोदामों पर छापेमारी की। जांच के दौरान गोदामों में चीनी का भौतिक स्टॉक तो मिला, लेकिन उसका ऑनलाइन रिकॉर्ड अपडेट नहीं था। जिलाधिकारी के निर्देश पर नायब तहसीलदार प्रतीक्षा कटारा, पूर्ति निरीक्षक गौरव माहेश्वरी और विपणन निरीक्षक पूजा शर्मा की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने मथुरा रोड स्थित बांसुरी ट्रेडर्स और जलेसर रोड स्थित नायरा एंड कंपनी के गोदामों की जांच की। अधिकारियों ने गोदामों में मौजूद चीनी के स्टॉक का संबंधित अभिलेखों से मिलान किया। ऑनलाइन पोर्टल पर स्टॉक की जानकारी अपडेट न मिलने पर फर्म संचालकों को नियमित रूप से पूरा विवरण ऑनलाइन फीड करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रशासन खाद्य पदार्थों की जमाखोरी, कालाबाजारी और कृत्रिम रूप से कीमत बढ़ाने की शिकायतों को लेकर गंभीर है। उन्होंने गोदाम संचालकों को स्टॉक की आवक और निकासी का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने तथा ऑनलाइन जानकारी समय पर अपडेट करने का निर्देश दिया। टीम ने मौके पर उपलब्ध स्टॉक और अभिलेखों की जानकारी भी दर्ज की। चीनी के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के मद्देनजर इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि बाजार में चीनी की उपलब्धता और कीमतों पर लगातार नजर रखी जा रही है। यदि कहीं भी जमाखोरी या कालाबाजारी की शिकायत मिलती है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page