Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 25 अगस्त। सहपऊ खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कार्यरत एक कंप्यूटर ऑपरेटर पर ड्यूटी के दौरान बिना अवकाश लिए डीएलएड की नियमित पढ़ाई करने और प्रशिक्षण में शामिल होने का आरोप लगा है। इस मामले में सादाबाद कोतवाली में शिकायत दी गई है, जिसमें कर्मचारी, संबंधित संस्थान और अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है। राया रोड सादाबाद निवासी शुभम उपाध्याय ने कोतवाली प्रभारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि ग्राम ऊघई निवासी युवक जून 2020 से खंड शिक्षा अधिकारी सहपऊ के अधीन कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर तैनात हैं। आरोप है कि युवक ने वर्ष 2021 बैच में सहपऊ के निजी शिक्षण संस्थान से नियमित छात्र के रूप में डीएलएड की पढ़ाई की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उक्त युवक ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान हाथरस में एक महीने का प्रशिक्षण भी लिया। इन सभी गतिविधियों, यानी डीएलएड की नियमित पढ़ाई और प्रशिक्षण के दौरान भी उन्होंने अपनी सरकारी ड्यूटी जारी रखी और इसके लिए कोई अवकाश नहीं लिया।शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित कर्मचारी ने विद्यालय प्रबंधन को कथित तौर पर अवैध धन देकर विद्यालय में उपस्थित हुए बिना फर्जी हाजिरी दर्ज कराई। इसी तरह, प्रशिक्षण के दौरान भी उनकी उपस्थिति फर्जी तरीके से दर्ज कराने का आरोप है। शुभम उपाध्याय ने पूरे मामले की गहन जांच कराकर युवक और शिक्षण संस्थान और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने इस संबंध में बताया है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page