Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 25 अगस्त। पुलिस ने अवैध रूप से संचालित हो रहे ई-रिक्शा के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे तीन ई-रिक्शा को सीज किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से ई-रिक्शा चालकों में हड़कंप मच गया। अभियान के तहत पुलिस टीम ने नगर में कुल 17 ई-रिक्शा की जांच की। जांच में पाया गया कि 11 ई-रिक्शा ऐसे थे जिनका रजिस्ट्रेशन तो था, लेकिन उन पर निर्धारित रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं थे। इन रिक्शा चालकों को नंबर प्लेट लगवाने के निर्देश दिए गए हैं। कार्रवाई के दौरान तीन ई-रिक्शा चालक अपने वाहनों को लेकर मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस ने अवैध पार्किंग और यातायात व्यवस्था में बाधा बन रहे ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ यह कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह अभियान जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर ई-रिक्शा खड़े करने और अवैध रूप से पार्किंग संचालित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि बिना रजिस्ट्रेशन वाले ई-रिक्शा किसी भी स्थिति में संचालित नहीं होने दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जिन ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन हो चुका है, लेकिन उन पर नंबर अंकित नहीं हैं, उन्हें भी सड़क पर चलने की अनुमति नहीं मिलेगी। उन्होंने सभी ई-रिक्शा चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों के दस्तावेज दुरुस्त रखें और रजिस्ट्रेशन नंबर अनिवार्य रूप से ई-रिक्शा पर अंकित कराएं। यातायात व्यवस्था में बाधा बनने वाले वाहनों और अवैध पार्किंग के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page