हाथरस गेट थाने में समाधान दिवस, डीएम-एसपी ने सुनीं जनता की समस्याएं, दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण

हाथरस 21 अगस्त। थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ थाना कोतवाली हाथरस गेट पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान करीब छह-सात शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का मौके पर मुआयना कर निष्पक्ष, प्रभावी एवं समयबद्ध ढंग से निस्तारण करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में एक मामला दुर्घटना से संबंधित था। जिलाधिकारी ने संबंधित प्रकरण में पीड़ित को शासन द्वारा संचालित किसी उपयुक्त योजना के माध्यम से सहायता अथवा पुनर्वास संबंधी लाभ दिलाए जाने की संभावनाओं का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्रता के आधार पर पीड़ित को नियमानुसार अधिकतम संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। शासन की मंशा के अनुरूप जनशिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डीएम ने विशेष रूप से भूमि संबंधी विवादों की शिकायतों पर राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि वास्तविक स्थिति का पता लगाकर प्रभावी कार्रवाई की जा सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक शिकायतकर्ता को नियमानुसार प्रभावी समाधान उपलब्ध कराया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, थाना प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।













