
सादाबाद 21 अगस्त। क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। पहली घटना गरीबा नगला चौधरी मार्ग पर दो पुलों के बीच हुई। गांव गरीबा निवासी 25 वर्षीय रामकुमार पुत्र प्रेम सिंह अपनी बाइक से गांव जा रहे थे। बताया गया है कि सड़क के बीचोंबीच एक गहरा गड्डा था, जो रात के अंधेरे में दिखाई नहीं दिया। बाइक अचानक गड्ढे में फंस गई, जिससे रामकुमार उछलकर दूर जा गिरे। इस हादसे में उनके हाथ-पैरों में चोटें आईं और कमर में भी गंभीर चोट बताई जा रही है। राहगीरों की मदद से उन्हें सीएचसी सादाबाद पहुंचाया गया। दूसरा हादसा आगरा राजमार्ग पर हुआ। यहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय अतुल कुमार पुत्र मोहन सिंह और 25 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र सुजान सिंह, निवासी टेढ़ी बगिया, आगरा घायल हो गए। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्डों के कारण रात के समय हादसों का खतरा बढ़ जाता है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क के गड्डों की मरम्मत कराने की मांग की है ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।













