
सादाबाद (सहपऊ) 21 अगस्त। कोतवाली क्षेत्र में देव सैनी मोड़ स्थित एफसीआई गोदाम के सामने रामघाट रोड, अलीगढ़ निवासी हरिओम सिंह ने छह लोगों के खिलाफ घर में तोड़फोड़, सामान चोरी करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस को दी गई तहरीर में हरिओम सिंह ने बताया कि 28 जुलाई की सुबह करीब सात बजे उनकी मां सुखन देवी पत्नी बुद्ध सिंह, निवासी करैया, के नाम वर्ष 1995 में बने मकान में गांव के ही कर्मवीर, धर्मवीर, विपिन, दीपक, पवन और अंशुल पहुंचे। आरोप है कि दबंगों ने बंद मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर रखा सामान चोरी कर लिया। इसके बाद जेसीबी से मकान की बाउंड्री, शौचालय और स्नानघर को तोड़ दिया तथा परिसर में लगे पौधों को भी उखाड़ दिया। हरिओम सिंह का आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और जेसीबी से कुचलने की बात कही। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपित वहां से भाग गए। तहरीर के अनुसार, 15 अगस्त को भी उक्त लोगों ने मकान की छत तोड़कर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया। पीड़ित ने मामले में कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









