
हाथरस 21 अगस्त। जनपद के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में निर्माणाधीन 10 मीटर इंटरनल शूटिंग हॉल एवं मल्टीपर्पज हॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि इन सुविधाओं का खिलाड़ियों को प्रभावी लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने बताया कि राइफल क्लब के सहयोग से स्टेडियम में 10 मीटर इंटरनल शूटिंग रेंज तैयार की जा रही है, जिसका निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। उन्होंने शूटिंग रेंज को पूरी तरह क्रियाशील बनाने के लिए आवश्यक उपकरणों की सूची तैयार कर उनकी जरूरत का आकलन एवं परीक्षण करते हुए तत्काल खरीद की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि शूटिंग रेंज की उपयोगिता तभी सिद्ध होगी, जब यहां बच्चों और खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण की सुविधा मिल सके।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने नगरपालिका द्वारा निर्माणाधीन मल्टीपर्पज हॉल का निरीक्षण कर शेष फ्लोरिंग कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने और पर्याप्त वेंटिलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्टेडियम के रनिंग ट्रैक को बेहतर बनाने तथा मरम्मत और मिट्टी भराई का कार्य भी तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि यदि कोई संस्था, विशेषज्ञ अथवा शूटिंग के क्षेत्र से जुड़ा व्यक्ति शूटिंग रेंज के संचालन, रखरखाव और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी लेने में सक्षम है, तो वह आगे आए। नियमानुसार प्रक्रिया अपनाकर ऐसी संस्था या व्यक्ति को शूटिंग रेंज के बेहतर संचालन एवं अनुरक्षण की जिम्मेदारी दिए जाने पर विचार किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जनपद के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं, प्रशिक्षण के अवसर और अनुकूल खेल वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि हाथरस के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन कर सकें। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, जिला स्पोर्ट्स अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Read More :-सिकंदराराऊ में अच्युत त्रिवेदी के निधन पर शोक की लहर, शोकसभा में दी श्रद्धांजलि
For Advertisement Address:-J383+8RV, Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101












