हाथरस 21 अगस्त। जिला विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आज विकास खंड मुरसान की ग्राम पंचायत विशुनदास में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग कर ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसके माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। चौपाल के दौरान 06 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। वहीं 06 लाभार्थियों के वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन से संबंधित आवेदन भरवाए गए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्याओं को लेकर पहुंचे 04 किसानों की शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कराया गया। इसके अलावा 03 ग्रामीणों के आधार कार्ड में संशोधन तथा 05 नवीन आधार कार्ड बनाने की कार्यवाही भी की गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को उनकी पात्रता के अनुसार विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। चौपाल में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, जल निगम (ग्रामीण), जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, खंड विकास अधिकारी मुरसान, ग्राम पंचायत सचिव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान कराने पर जोर दिया गया।















