
हाथरस 21 अगस्त। दून पब्लिक स्कूल के प्रांगण में 21 अगस्त को ग्यारहवें वार्षिक छात्र परिषद समारोह का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य जेके अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह में नव-निर्वाचित छात्र परिषद के पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की गई। प्रधानाचार्य जेके अग्रवाल एवं फाउंडेशन कोऑर्डिनेटर नम्रता अग्रवाल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बैज एवं शैसे पहनाकर सम्मानित किया। छात्र परिषद के चुनाव की प्रक्रिया करीब आठ दिनों तक चली, जिसमें नामांकन, प्रचार-प्रसार, साक्षात्कार और मतदान सहित विभिन्न चुनावी प्रक्रियाएं पूरी की गईं। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया, नेतृत्व, अनुशासन और उत्तरदायित्व की भावना का परिचय दिया। प्रधानाचार्य द्वारा मनोनीत विशिष्ट श्रेणी में दूनाइट्स प्रेसिडेंट यशिका राणा, वाइस प्रेसिडेंट लवी अग्रवाल, सांस्कृतिक मंत्री हंसिका वार्ष्णेय एवं अनुशासन मंत्री आदित्य शर्मा को पद, बैज एवं शैसे प्रदान किए गए। वरिष्ठ छात्र परिषद में सीनियर हेड बॉय अमन पौनिया और सीनियर हेड गर्ल आस्था पाठक, वाइस हेड बॉय मान्य पचौरी एवं वाइस हेड गर्ल सीमा वार्ष्णेय चुने गए। वहीं अनुशासन, शिक्षा, खेल एवं सांस्कृतिक विभागों में भी विद्यार्थियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। वरिष्ठ सदन परिषद में टैगोर हाउस के हाउस कैप्टन भावुक सिंह, गांधी हाउस की रोशनी ठाकुर, मिल्खा हाउस के स्पर्श वार्ष्णेय तथा रमन हाउस की अवनी सिंह चुनी गईं। जूनियर छात्र परिषद में जूनियर हेड बॉय शिवांश बंसल एवं जूनियर हेड गर्ल उमंग वशिष्ठ सहित विभिन्न विभागों और चारों सदनों के लिए विद्यार्थियों का चयन किया गया। इस दौरान विद्यालय के चारों सदनों गांधी हाउस, मिल्खा हाउस, रमन हाउस एवं टैगोर हाउस की कार्यप्रणाली, नियमों और दायित्वों से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया। समस्त छात्र परिषद सदस्यों को प्रधानाचार्य ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्रधानाचार्य जेके अग्रवाल ने कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का नाम नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, अनुशासन, सेवा-भाव और कर्तव्यनिष्ठा के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का अवसर है। उन्होंने छात्र परिषद के सदस्यों से विद्यालय की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में सक्रिय सहयोग देने तथा अपने आचरण एवं कार्यों से अन्य विद्यार्थियों के लिए आदर्श प्रस्तुत करने का आह्वान किया। समारोह के समापन पर पूर्व छात्र परिषद के हेड बॉय कृष्णा शर्मा एवं हेड गर्ल जपनूर कौर ने प्रधानाचार्य के माध्यम से वर्तमान छात्र परिषद के हेड बॉय अमन पौनिया एवं हेड गर्ल आस्था पाठक को ‘दून ध्वज’ प्रदान किया। इस प्रतीकात्मक प्रक्रिया के माध्यम से विद्यालय की जिम्मेदारियों को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी को हस्तांतरित किया गया। प्रधानाचार्य ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अनुशासन, सेवा और उत्कृष्टता की नई मिसाल कायम करने के लिए प्रेरित किया। समारोह का वातावरण उत्साह, उमंग और गौरव से परिपूर्ण रहा।













