
सासनी २० अगस्त । कस्बा स्थित कोतवाली चौराहे पर सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि का 46वां जन्मदिन उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। संदीप जादौन के नेतृत्व में समर्थकों ने सांसद अनूप प्रधान का गदा एवं चांदी का मुकुट पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इसके बाद समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर सांसद के दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की। चौराहे पर दिनभर सांसद को जन्मदिन की बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। जन्मदिन समारोह के दौरान उत्साहित कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर और ढोल-नगाड़ों की थाप पर अपनी खुशी का इजहार किया। इस दौरान पूरा चौराहा बधाई संदेशों और जयकारों से गूंजता रहा। समर्थकों ने कहा कि सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं। यही कारण है कि क्षेत्र की जनता के बीच उनके प्रति स्नेह और सम्मान है। कार्यकर्ताओं ने उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना की।













