
हाथरस 20 अगस्त । हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र की राजपाल कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े एक मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। वारदात के समय मकान मालकिन आंगनबाड़ी केंद्र पर ड्यूटी करने गई थीं। दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना से कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है।
राजपाल कॉलोनी निवासी मंजू देवी पत्नी स्वर्गीय वीरेश कुमार आंगनबाड़ी कार्यकत्री हैं। रोजाना की तरह वह मकान पर ताला लगाकर नगला बीरी साहब स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर ड्यूटी करने गई थीं। ड्यूटी समाप्त होने के बाद जब वह घर लौटीं तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था और गेट खुला पड़ा था। मकान के अंदर पहुंचने पर कमरे में रखी अलमारी का सामान बिखरा पड़ा मिला। अलमारी की जांच करने पर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। पीड़िता के अनुसार चोर मंगलसूत्र, झुमकी, अंगूठी, जंजीर, लॉकेट, बिछुआ सहित अन्य आभूषण, एक गैस सिलेंडर और करीब 25 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए।
घर में चोरी की जानकारी होते ही मंजू देवी के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।\ दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात से आसपास के लोग भी सहमे हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस तरह दिन के समय घरों में चोरी की घटनाएं होती रहीं तो लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो जाएगा। घटना ने पुलिस के सामने भी चोरों को पकड़ने की चुनौती खड़ी कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।












