
सादाबाद 15 अगस्त। 80 स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रभक्ति और उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। तहसील, कोतवाली, नगर पंचायत, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और खंड विकास कार्यालय सहित विभिन्न सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान हुआ। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ली। सादाबाद तहसील परिसर में एसडीएम रितु सिरोही ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम में तहसीलदार सोनू बघेल, नायब तहसीलदार प्रतीक्षा कटारा, वैष्णवी शर्मा सहित नगर के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। महाराजा अग्रसेन गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया, जिन्हें एसडीएम ने सम्मानित किया। सादाबाद कोतवाली परिसर और सीओ दफ्तर में पुलिस उपाधीक्षक जेएन अस्थाना और प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर पुलिसकर्मियों ने राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य और निष्ठा की शपथ ली। नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष हेमलता अग्रवाल ने उप जिलाधिकारी रितु सिरोही की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया। यहां भी राष्ट्रगान प्रस्तुत करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पार्क में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम हुआ। विद्यालय की छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। उप जिलाधिकारी, तहसीलदार और नगर पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य प्रमुख लोगों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. दानवीर सिंह ने ध्वजारोहण किया, जबकि खंड विकास कार्यालय में खंड विकास अधिकारी सुरेश कुमार ने तिरंगा फहराया। क्षेत्र के अन्य सरकारी कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण और राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।











