Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन में भव्य समारोह आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने ध्वजारोहण कर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को देश की रक्षा, एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। ध्वजारोहण के बाद सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा, क्षेत्राधिकारी नगर हिमांशु माथुर, क्षेत्राधिकारी लाइन डीके सिंह, क्षेत्राधिकारी कार्यालय योगेंद्र कृष्ण नारायण, प्रतिसार निरीक्षक राजकुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संकल्प पत्र पढ़कर भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक गणराज्य बनाए रखने, आपसी भाईचारा एवं बंधुता की भावना मजबूत करने तथा सभी मतभेद शांतिपूर्ण तरीके से दूर करने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को याद किया। अपने संबोधन में एसपी ने कहा कि स्वतंत्रता का अर्थ स्वच्छंदता नहीं है कि हमें मनमानी करने की छूट मिल जाए, बल्कि हमें जहां भी रहें, अपने कर्तव्यों का निर्वहन इस प्रकार करना चाहिए कि उससे राष्ट्र मजबूत हो। उन्होंने पुलिसकर्मियों से सत्यनिष्ठा एवं पूर्ण निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने और सुरक्षित एवं शक्तिशाली राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी को परेशान करने की नीयत से कार्य नहीं करना चाहिए और प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए राष्ट्र की शक्ति बनना चाहिए।

समारोह के दौरान विशिष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। प्रभारी निरीक्षक महिला शिकायत प्रकोष्ठ अवधेश कुमार तथा उपनिरीक्षक ट्रैफिक पुलिस कृष्णपाल तोमर को गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रदत्त अति उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया। मुख्य आरक्षी एपी नागेन्द्र पाल सिंह एवं आरक्षी ड्राइवर अमरदीप शर्मा को उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। वहीं मुख्य आरक्षी अशोक कुमार, महिला मुख्य आरक्षी शगूफा तौहिद, आरक्षी मनु चौधरी एवं आरक्षी अजय यादव को अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन द्वारा प्रदत्त सिल्वर पदक से सम्मानित किया गया। इसके अलावा उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अन्य पुलिसकर्मियों को भी पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को मिष्ठान वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page