
सादाबाद 14 अगस्त। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के निर्देश पर पुलिस ने व्यक्ति के शिकायत पर पांच नामजद सहित सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उनके बेटे को प्रेमजाल में फंसाकर परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी और रुपए की मांग की। पुलिस ने न्यायालय के आदेश के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित के अनुसार, उनके बेटे की मुलाकात एक लड़की से हुई थी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर परिवार को धमकाना शुरू कर दिया। शिकायत में बताया गया कि 28 अक्टूबर 2025 को 20 हजार रुपए खाते में डलवाए गए। शिकायतकर्ता का कहना है कि इसके बाद भी अतिरिक्त रुपए की मांग की गई और लगातार धमकियां मिलने के कारण उन्होंने 2 नवंबर 2025 को 40 हजार रुपए अपने भाई के खाते में डलवाए। शिकायत में खुद को उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक बताने और कथित फर्जी पहचान पत्र के जरिए लोगों को डराने का भी आरोप लगाया गया है। प्रार्थी ने कुछ अन्य मामलों का भी उल्लेख किया है, जिनमें आरोपियों पर इसी तरह की घटनाओं के आरोप लगाए गए हैं। पीड़ित ने पहले थाना सादाबाद और बाद में पुलिस अधीक्षक हाथरस को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी थी। कार्रवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद सादाबाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











