
सादाबाद 14 अगस्त। जलेसर मार्ग पर अनियंत्रित थार गाड़ी की टक्कर से 42 वर्षीय किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि किसान कई फुट उछलकर सड़क किनारे खड्ड में जा गिरा। हादसे के बाद चालक थार लेकर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। यह घटना परसोरा बंबा के निकट गुरुवार शाम करीब छह बजे हुई। मढ़ाका निवासी किसान धर्मेंद्र सिंह (42) पुत्र सज्जन सिंह अपने खेत से काम निपटाकर घर लौट रहे थे। सड़क पार करते समय सादाबाद से जलेसर की ओर जा रही तेज रफ्तार थार गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद धर्मेंद्र सिंह सड़क किनारे खड्ड में गिरे और बबूल के पेड़ से टकरा गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना स्थल के पास ही कांवड़ियों के लिए एक कैंप लगा हुआ था। हादसे की सूचना मिलते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मी और अन्य लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने घायल किसान को खड्ड से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद भेजा। चिकित्सकों ने वहां घायल धर्मेंद्र सिंह का उपचार किया। हादसे के बाद थार चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने तुरंत पीछा करते हुए सहपाग धर्मशाला चौराहे के निकट थार को रोक लिया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।हादसे की जानकारी मिलने के बाद घायल किसान के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।











