
हाथरस 13 अगस्त। थाना चंदपा क्षेत्र के गांव नगला लच्छी में 11 केवी विद्युत लाइन का पोल क्षतिग्रस्त करने, परिवर्तक गिराने और सरकारी काम में बाधा डालने का मामला सामने आया है। अवर अभियंता विकास कुमार ने थाना प्रभारी को तहरीर देकर पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के अनुसार, 12 अगस्त की रात गांव नगला लच्छी के बीच में पूनम पत्नी अजय, लता पत्नी विजय, रामप्रसाद पुत्र लालाराम, प्रतिमा पत्नी लांगुरिया और लांगुरिया पुत्र कुंवरपाल ने पूर्व से स्थापित 11 केवी विद्युत लाइन के पोल को क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोप है कि इसके बाद परिवर्तक को नीचे गिराकर खुर्द-बुर्द कर दिया गया। अवर अभियंता के अनुसार, क्षतिग्रस्त पोल को दोबारा स्थापित करने के लिए विभागीय संविदा कर्मचारी इंद्रवीर सिंह लाइनमैन, अविनाश कुमार लाइनमैन और कमलकिशोर लाइनमैन मौके पर पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने पोल को दूसरे स्थान पर लगाने की मांग करते हुए कर्मचारियों को काम करने से रोक दिया। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर आरोपितों ने विद्युत कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और लात-घूंसों से मारपीट करते हुए अभद्रता की। इसके बाद कर्मचारियों को मौके से खदेड़ दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद संबंधित लोगों ने अपना विरोध जारी रखा। अवर अभियंता ने बताया कि उक्त विद्युत पोल करीब 25 वर्षों से उसी स्थान पर स्थापित था। आरोप है कि संबंधित लोगों ने विद्युत लाइन के नीचे निर्माण कर लिया है और अब पोल को अन्यत्र स्थानांतरित करने का दबाव बनाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। विद्युत विभाग की ओर से सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और विभागीय कार्य में बाधा डालने के आरोपों की जांच की जा रही है।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101




