
हाथरस 13 अगस्त। टाटा कंपनी के नाम पर टास्क देकर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने हाथरस गेट थाना क्षेत्र के एक युवक से 1 लाख 67 हजार 389 रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पीड़ित गढ़ीतमना निवासी ललित दीक्षित पुत्र मुकेश दीक्षित ने साइबर क्राइम थाने में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है। तहरीर के अनुसार, ललित के मोबाइल पर 22 जुलाई 2025 को टाटा कंपनी के नाम से एक लिंक आया था। लिंक के जरिए टास्क पूरा करने पर मोटा मुनाफा देने का लालच दिया गया। मुनाफे के झांसे में आकर ललित ने टास्क करना शुरू कर दिया। आरोप है कि साइबर ठगों ने पहले विश्वास हासिल किया और इसके बाद अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर करानी शुरू कर दी। पीड़ित के मुताबिक, 25 जुलाई को उससे 30 हजार रुपये रमेश बिश्नोई के बैंक खाते में ट्रांसफर कराए गए। इसके बाद टास्क बढ़ाने के नाम पर उसी दिन 52,815 रुपये सैमसन डायस के खाते में डलवा दिए गए। ये दोनों लेन-देन ललित के पिता मुकेश दीक्षित के बैंक खाते से किए गए।
आरोप है कि इसके बाद 28 जुलाई को साइबर ठगों ने पैसे अटकने का बहाना बनाकर ललित से 84,574 रुपये करण सिंह के खाते में ट्रांसफर करा लिए। इस तरह तीन अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1,67,389 रुपये भेजे जा चुके थे। इसके बाद जब ठगों ने दोबारा रकम की मांग की तो ललित को अपने साथ धोखाधड़ी होने का शक हुआ। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाना प्रभारी को दी तहरीर में आरोप लगाया कि ठगों ने टाटा कंपनी का नाम इस्तेमाल कर फर्जी लिंक भेजा और टास्क पूरा कराने के नाम पर लगातार पैसे जमा कराए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल ने रकम जिन तीन बैंक खातों में ट्रांसफर हुई, उन्हें चिह्नित कर उनके लेन-देन का विवरण खंगालना शुरू कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार संबंधित बैंकों से संपर्क कर खातों को फ्रीज कराने और आरोपितों की पहचान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ऑनलाइन टास्क के नाम पर पैसे जमा कराने वालों के झांसे में न आएं। साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101




