Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 03 अगस्त। श्रावण मास में चल रही पवित्र कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने देर रात कांवड़ मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कांवड़ियों की सुविधाओं को लेकर किए गए इंतजामों का स्थलीय निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ने थाना सादाबाद क्षेत्र में कांवड़ मार्ग और आसपास के इलाकों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मार्ग पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, कांवड़ियों के आवागमन तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए किए गए अन्य प्रबंधों को बारीकी से देखा। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। एसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। कांवड़ मार्ग पर लगातार सतर्क निगाह रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार रहे। उन्होंने अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को कांवड़ मार्ग पर लगातार भ्रमण और प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थानों, संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख चौराहों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के साथ आत्मीय एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं का तत्काल संज्ञान लेकर यथासंभव समाधान कराया जाए। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा और विश्वास का पर्व है। जनपद पुलिस का प्रयास है कि हाथरस से गुजरने वाले प्रत्येक कांवड़िए को सुरक्षित, सुगम और सुखद वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें। पुलिस की ओर से कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए लगातार भ्रमण, निगरानी और प्रभावी पुलिसिंग की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल को 24 घंटे मुस्तैद रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page