
सासनी03 अगस्त। भाजपा प्रदेश मंत्री यतेन्द्र शर्मा इन दिनों क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर समाज के हर वर्ग के बीच पहुंच रहे हैं। छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं, किसानों और ग्रामीणों से संवाद करते हुए वह संगठन की विचारधारा के साथ केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचा रहे हैं। साथ ही, लोगों की समस्याएं और सुझाव सुनकर उनके समाधान को लेकर भी संवाद कर रहे हैं।
इसी क्रम में सासनी में आयोजित कार्यक्रम में यतेन्द्र शर्मा ने जेन जी (Gen Z) के छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान छात्र जीवन, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार, करियर और भविष्य की संभावनाओं को लेकर विद्यार्थियों से चर्चा हुई। उन्होंने युवाओं की जिज्ञासाओं और सुझावों को सुना तथा विभिन्न विषयों पर सकारात्मक संवाद करते हुए सरकार की युवा हितैषी योजनाओं की जानकारी दी।
इसके बाद उन्होंने गांव फिरोजपुर खेड़ा में स्वयं सहायता समूह (सेल्फ हेल्प ग्रुप) से जुड़ी महिलाओं से मुलाकात की। महिलाओं से उनकी समस्याओं और सुझावों को लेकर विस्तार से चर्चा करते हुए यतेन्द्र शर्मा ने केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
वहीं लालगढ़ी और बिर्रा गांव में किसानों, युवाओं और ग्रामीणों के साथ संवाद करते हुए प्रदेश मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
कानून व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने दावा किया कि पूर्ववर्ती सरकारों में प्रभावशाली लोगों का दबदबा रहता था, जबकि मौजूदा सरकार में कानून सभी के लिए समान रूप से लागू हो रहा है। उन्होंने किसानों के हित में केंद्र सरकार द्वारा किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया।
पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
जनसंपर्क अभियान के दौरान लालगढ़ी और बिर्रा में पौधारोपण भी किया गया। इस दौरान लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही यतेन्द्र शर्मा ने “हर घर तिरंगा” अभियान और तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ लोगों को जोड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रमों के दौरान दास चौधरी, शुभम उपाध्याय, शेट्टी दीक्षित, माधवी सिंह, छोटा पंडित, अरविंद तोमर, नितिन सिंह, विकास यादव, स्वप्निल भारद्वाज, धर्मेंद्र शर्मा, दीपक, बंटी प्रधान, अमित भारद्वाज, अभय चौधरी, एडवोकेट गौरव पाठक, मोहित बजरंगी, भवतेन्द्र सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।









