Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 02 अगस्त। श्रावण मास के पहले सोमवार को होने वाले जलाभिषेक के लिए क्षेत्र में शिवभक्ति का उत्साह चरम पर है। रविवार शाम से ही सैकड़ों शिवभक्त डाक कावड़ लेने के लिए गंगा घाट की ओर रवाना हुए। डीजे साउंड से सजी गाड़ियां, भगवा ध्वजों से सुसज्जित मोटरसाइकिलें और “बोल बम” व “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।

रविवार शाम को विभिन्न गांवों और कस्बों से शिवभक्तों के जत्थे अनुशासित ढंग से गंगा घाट के लिए निकले। कई श्रद्धालु चारपहिया वाहनों से यात्रा कर रहे थे, जबकि बड़ी संख्या में युवा मोटरसाइकिलों पर भगवा ध्वज लगाकर रवाना हुए। रास्ते भर शिवभक्ति गीतों और डीजे की धुन पर भक्तों में विशेष उत्साह देखा गया। श्रद्धालु गंगा घाट से पवित्र गंगाजल लेकर सोमवार सुबह तक सादाबाद क्षेत्र के प्रमुख शिवालयों में पहुंचेंगे। डाक कावड़ परंपरा के अनुसार, शिवभक्त बिना रुके निर्धारित समय में गंगाजल लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। सोमवार सुबह करीब 10 बजे तक विभिन्न मंदिरों में जलाभिषेक का क्रम शुरू हो जाएगा। क्षेत्र के प्रख्यात मिढ़ावली स्थित वनखंडी महादेव मंदिर, मांगरू स्थित वनखंडी महादेव मंदिर और सादाबाद बायपास मार्ग स्थित प्राचीन बाबा बैजनाथ धाम मंदिर में जलाभिषेक के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। इन मंदिरों में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर समितियों ने दर्शन, जलाभिषेक और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। प्रथम सोमवार पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। प्रमुख मार्गों और मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, जबकि मंदिर प्रबंधन की ओर से पेयजल, कतार व्यवस्था और अन्य सुविधाओं की तैयारी पूरी कर ली गई है। एमडी हॉस्पिटल के डायरेक्टर धर्मेंद्र गौतम ने हाथरस रोड पर कांवड़ भक्तों का स्वागत किया और जलपान की व्यवस्था कराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page