सिकन्दराराऊ (हसायन) 31 जुलाई। विकासखंड के गांव बकायन में लगातार हो रही बारिश के बीच एक बेहद गरीब परिवार के कच्चे मकान की छत भरभराकर गिर गई। हादसे के समय परिवार के सदस्य सुरक्षित थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान क्षतिग्रस्त होने से परिवार के सामने रहने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।ग्रामीणों के अनुसार पीड़ित परिवार लंबे समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहा है और पुराने कच्चे मकान में रहने को मजबूर है।परिवार मजदूरी कर अपने बच्चों का पालन-पोषण करता है और सीमित आय के कारण पक्का मकान बनवाने में असमर्थ है।लगातार बरसात होने के कारण मकान पूरी तरह असुरक्षित हो गया है,जिससे परिवार भय के साये में जीवन यापन कर रहा है।पीड़ित परिवार ने बताया कि उन्होंने करीब एक वर्ष पहले प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत आवेदन किया था।आवेदन करने के बाद उनका आवास स्वीकृत भी हो गया,लेकिन आज तक मकान निर्माण के लिए धनराशि जारी नहीं की गई।पीडित परिवार का आरोप है कि कई बार अधिकारियों का ध्यान इस ओर दिलाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
परिवार ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर उन्हें तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा अन्य सरकारी योजना के तहत शीघ्र आवास निर्माण के लिए धनराशि जारी की जाए,ताकि परिवार सुरक्षित आवास में रह सके।ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए पीड़ित परिवार की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए।इस संदर्भ में खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह से जानकारी करने पर बताया कि उक्त मामले की उन्हे कोई जानकरी नहीं है।और जो पिछले बर्ष आवास आए थे,वह सभी बन चुके हैं।इस परिवार की छानबीन कर आवश्यक सहायता की जाएगी।





