Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 26 जुलाई। दिनदहाड़े मौलवी की बाइक चोरी का प्रयास किया गया। चोर बाइक लेकर भाग रहा था तभी वह एक स्कूटी से टकरा गया। लोगों द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपी ने कथित तौर पर तमंचा दिखाकर उन्हें डराया और मौके से फरार हो गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना चौधरी चरण सिंह मूर्ति के पास स्थित बाग वाली मस्जिद के बाहर हुई। मौलवी मु. कामरान निवासी मोहल्ला व्यापारियान ने अपनी बाइक मस्जिद के बाहर खड़ी की थी। बताया गया है कि दो संदिग्ध युवक वहां पहुंचे। एक युवक अपनी बाइक पर लाल गमछा डाले इंतजार कर रहा था, जबकि दूसरे ने मौलवी की बाइक का लॉक तोड़ दिया। लॉक तोड़ने के बाद चोर बाइक लेकर भागने लगा। मौलवी की नजर उस पर पड़ी और उन्होंने शोर मचाते हुए चोर का पीछा करना शुरू कर दिया। चोर चोरी की बाइक लेकर हाईवे की ओर तेजी से भाग रहा था, जिसका मौलवी और अन्य लोग पीछा कर रहे थे। हाईवे पर पहुंचते ही चोर की बाइक सामने से आ रही एक स्कूटी से टकरा गई। टक्कर से चोर सड़क पर गिर पड़ा और चोरी की बाइक भी वहीं गिर गई। पीछा कर रहे मौलवी और आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर तमंचा निकाल लिया। तमंचा देखकर लोग पीछे हट गए, जिसका फायदा उठाकर आरोपी चोरी की बाइक वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस को इस घटना की जानकारी नहीं है और मौलवी ने अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page