सासनी 27 जुलाई। एसबीएस यूनियन स्कूल, सासनी में कारगिल विजय दिवस बड़े ही हर्ष एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रियर एडमिरल राजवीर सिंह (भारतीय नौसेना), विशिष्ट अतिथि कर्नल राजकुमार सिंह (भारतीय सेना) तथा संस्था के डायरेक्टर डॉ. विकास सिंह द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। मुख्य अतिथि रियर एडमिरल राजवीर सिंह ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थियों को हमेशा बड़े सपने देखने चाहिए और उन्हें साकार करने के लिए कठिन परिश्रम, समर्पण एवं निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने अनेक प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से बताया कि यदि व्यक्ति पूरे मनोयोग और लगन से प्रयास करे तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने विद्यालय के छात्रों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत झांकियों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
विशिष्ट अतिथि कर्नल राजकुमार सिंह ने अपने जोशपूर्ण संबोधन में छात्रों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध तथा 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सेना की वीरता, साहस और रणनीति का उल्लेख करते हुए बताया कि किस प्रकार भारतीय सैनिकों ने अदम्य शौर्य का परिचय देकर देश का गौरव बढ़ाया। उनके संबोधन से उपस्थित सभी लोगों में कारगिल के अमर शहीदों के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव जागृत हुआ। संस्था के डायरेक्टर एवं प्रमुख शिक्षाविद डॉ. विकास सिंह ने कहा कि सेना से जुड़ी पृष्ठभूमि होने के कारण क्षेत्र के सेवानिवृत्त सैनिकों के बीच उपस्थित होना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व सैनिकों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का प्रयास भविष्य में भारतीय सेना को अधिक से अधिक योग्य एवं ऊर्जावान अधिकारी देना है, जो कारगिल के अमर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दुर्गेश पचौरी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर स्कूल परिवार की ओर से वीर शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को देश के वीर बलिदानियों से प्रेरणा लेकर अपने परिवार, विद्यालय, समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी विभिन्न पाठ्य-सहगामी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा।









