
हाथरस 23 जुलाई। चर्चित वेदप्रकाश शर्मा उर्फ सोनू हत्याकांड में हाथरस पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में वांछित आरोपी पवन कुमार उर्फ हनुमान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर का तमंचा एवं दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 13 अप्रैल 2026 को आगरा निवासी श्रीमती नीतू शर्मा, पत्नी मुकेश कुमार शर्मा, ने थाना सहपऊ में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके भाई वेदप्रकाश शर्मा उर्फ सोनू, निवासी गली जय राधे दिल्ली वाला मोहल्ला, थाना कोतवाली नगर, हाथरस की 6 अप्रैल 2026 की रात संपत्ति हड़पने की नीयत से हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच के दौरान घटनास्थल थाना कोतवाली नगर क्षेत्र का पाए जाने पर मुकदमा वहां स्थानांतरित कर संबंधित धाराओं में पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम सहित कुल पांच विशेष टीमों का गठन किया था। लगातार की जा रही जांच और साक्ष्य संकलन के आधार पर गुरुवार को थाना कोतवाली नगर पुलिस ने आरोपी पवन कुमार उर्फ हनुमान पुत्र जानकी प्रसाद, निवासी गिजरौली, थाना कोतवाली नगर, जनपद हाथरस को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों एवं संभावित आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में थाना कोतवाली नगर पर मु0अ0सं0 151/2026 के तहत धारा 103(1), 238, 190, 191(2), 191(3) एवं 61(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मुकदमा दर्ज है।

Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101












