Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 23 जुलाई। सिकन्दराराऊ में एटा-अलीगढ़ हाईवे स्थित मंडी समिति ओवरब्रिज पर आज सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार का सिर डिवाइडर पर लगे बिजली के पोल से जा टकराया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना आज सुबह करीब 7:30 बजे की है। हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने ओवरब्रिज पर डिवाइडर के सहारे खड़ी एक क्षतिग्रस्त बाइक और कुछ दूरी पर एक युवक को लहूलुहान अवस्था में पड़ा देखा। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल को संभालने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही सिकंदराराऊ पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान दिनेश (25 वर्ष) पुत्र सुनील, निवासी गांव सेहवाजपुर, थाना गोंडा, जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दिनेश एटा की ओर से अलीगढ़ जा रहा था। इसी दौरान मंडी समिति ओवरब्रिज पर उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार के चलते बाइक का अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page