Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 23 जुलाई। हाथरस-आगरा मार्ग पर सादाबाद के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए बाइक सवार मुकेश कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना 7 जुलाई को हुई थी और 11 जुलाई को उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने आज मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव जंगला निवासी भूपेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके भाई मुकेश कुमार 7 जुलाई को अपनी मोटरसाइकिल से आगरा जा रहे थे। शाम करीब छह बजे हाथरस-आगरा रोड पर गांव गीगला से लगभग 300 मीटर आगे आगरा की दिशा में पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी।।हादसे में मुकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए श्रीकृष्णा हॉस्पिटल रामबाग, आगरा ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण बाद में उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा में भर्ती कराया गया, जहां 11 जुलाई को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने नियमानुसार पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। मृतक के भाई भूपेंद्र सिंह ने अपनी तहरीर में बताया कि जवान बेटे की मौत के कारण घर पर लोगों के आने-जाने और अन्य पारिवारिक व्यस्तताओं के चलते वे तुरंत थाने नहीं आ सके। अब उन्हें समय मिला तो उन्होंने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने जानकारी दी कि पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हादसे में शामिल वाहन की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page