Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 22 जुलाई। सिकंदराराऊ के अलीगढ़ रोड स्थित कान्हा फार्म हाउस में भारतीय जनता पार्टी की सिकंदराराऊ विधानसभा इकाई द्वारा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी) के निदेशक भूपेंद्र सिंह का क्षेत्रीय विधायक वीरेन्द्र सिंह राणा ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। मुख्य अतिथि भूपेंद्र सिंह ने बूथ अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं में निहित है। बूथ अध्यक्ष पार्टी और जनता के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों से पूर्ण समर्पण, सक्रियता और अनुशासन के साथ संगठन को मजबूत बनाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की सफलता सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया। विधायक वीरेन्द्र सिंह राणा ने कहा कि बूथ अध्यक्ष केवल संगठनात्मक दायित्व निभाने वाले कार्यकर्ता नहीं, बल्कि भाजपा की विजय यात्रा के सबसे मजबूत आधार स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता ही जनता के विश्वास को मतों में परिवर्तित कर संगठन को सफलता दिलाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जनसेवा, सुशासन और विकास की जो यात्रा आगे बढ़ रही है, उसे बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। बूथ अध्यक्षों के समर्पण और परिश्रम के बल पर आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ऐतिहासिक सफलता प्राप्त करेगी। सम्मेलन में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, सांसद अनूप प्रधान, कार्यक्रम संयोजक योगेश परमार, लोकेश प्रधान, नितिन पुंडीर, पंकज गुप्ता, मुकुल गुप्ता, मीरा माहेश्वरी, गिरीश मोहन गुप्ता, सचिन दीक्षित, जितेंद्र राजपूत, सुनील कुमार, गजेंद्र प्रताप सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page