Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 जुलाई । नगर के लहरा बाईपास स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर परिसर में वरिष्ठ समाजसेवी एवं श्री बांके बिहारी सेवा समिति के संस्थापक निदेशक रवि चौहान के नेतृत्व में मेट्रो हॉस्पिटल, फरीदाबाद के सहयोग से एक विशाल निःशुल्क मल्टीस्पेशलिटी स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हाथरस एवं आसपास के क्षेत्रों से आए 300 से अधिक लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श एवं विभिन्न स्वास्थ्य जांचों का लाभ उठाया। शिविर का सफल संचालन एबीसी (Advaita Business Consulting) द्वारा किया गया।

जनता ने सराहा, रवि चौहान को बताया अपना ‘भाई और बेटा

शिविर में हृदय रोग, कैंसर एवं रक्त रोग, किडनी एवं मूत्र रोग, हड्डी एवं जोड़ रोग सहित विभिन्न बीमारियों के मरीजों की जांच की गई। इसके साथ ही ईसीजी, ब्लड प्रेशर, रैंडम ब्लड शुगर और बोन मिनरल डेंसिटी (बीएमडी) जैसी महत्वपूर्ण जांचें भी पूरी तरह निःशुल्क की गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम में डॉ. वैभव जैन (हड्डी रोग विशेषज्ञ), डॉ. साक्षी राणा (कैंसर एवं रक्त रोग विशेषज्ञ), डॉ. राम चौधरी (हृदय रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. किंजल बनर्जी (किडनी एवं मूत्र रोग विशेषज्ञ) शामिल रहे। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया, जिससे लाभार्थियों ने संतोष व्यक्त किया। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने समाजसेवी रवि चौहान की सराहना करते हुए उन्हें अपने परिवार का सदस्य, भाई और बेटा बताया। लोगों ने कहा कि रवि चौहान स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में समाज सेवा को प्राथमिकता देते हैं तथा हमेशा जनकल्याण के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर रवि चौहान ने कहा, “जब हम पढ़ेंगे तभी शिक्षित भारत बनेगा, जब हमारे परिवार स्वस्थ होंगे तभी स्वस्थ भारत का निर्माण होगा और जब हम प्रेमभाव से एक-दूसरे के दुख-दर्द में सहभागी बनेंगे तभी अखंड भारत का सपना साकार होगा।” उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी रवि चौहान एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती उमा चौहान ने मेट्रो हॉस्पिटल से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों का दुपट्टा ओढ़ाकर, फूलमाला पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अंत में सभी चिकित्सकों, सहयोगियों एवं आयोजन से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त किया गया। यह स्वास्थ्य शिविर हाथरस में जनस्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page