
हाथरस 16 जुलाई। क्षेत्र के कुवरपुर बाईपास मोड़ पर रास्ते में रोककर एक युवक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर थाना चंदपा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बुलंदशहर जिले के दानपुर, डिबाई निवासी कुवरपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 23 जून की शाम कुवरपुर बाईपास पर मौजूद था। इसी दौरान आवास विकास कॉलोनी, हाथरस निवासी रिंकू अग्रवाल और उसके एक अन्य साथी वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने उसे देखकर कहा कि “बड़ा नेता बनता है” और इसके बाद गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर मौके पर मौजूद रामसहाय और कुलदीप सहित अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। पीड़ित ने घटना के संबंध में थाना चंदपा में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।









