
नई दिल्ली 15 जुलाई। भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बेहतर ऑनलाइन टिकट बुकिंग अनुभव देने के उद्देश्य से आईआरसीटीसी (IRCTC) की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन बुधवार को लॉन्च कर दिया। नई वेबसाइट फिलहाल ट्रायल के तौर पर उपलब्ध कराई गई है, ताकि यात्री इसके नए डिजाइन और सुविधाओं का उपयोग कर अपने सुझाव दे सकें। रेलवे के अनुसार, नई वेबसाइट को आसान नेविगेशन, बेहतर यूजर इंटरफेस और तेज टिकट बुकिंग को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। इसका लिंक मौजूदा आईआरसीटीसी वेबसाइट के होमपेज पर भी उपलब्ध कराया गया है। रेलवे ने बताया कि वेबसाइट में किए गए कई सुधारों के सुझाव मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) के छात्रों ने रेल मंत्री के साथ बातचीत के दौरान दिए थे। गौरतलब है कि आईआरसीटीसी की वेबसाइट वर्ष 2002 में शुरू हुई थी और वर्तमान में इस पर प्रतिदिन औसतन करीब 14.5 लाख रेल टिकट बुक किए जाते हैं।
नई वेबसाइट में किए गए प्रमुख बदलाव
- कैप्चा और अनावश्यक पॉप-अप से राहत: वेबसाइट से अतिरिक्त कैप्चा, पॉप-अप, फ्लैशिंग ग्राफिक्स और ध्यान भटकाने वाले तत्वों को हटाया गया है।
- एक ही जगह सीट उपलब्धता की जानकारी: सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक साथ दिखाई जाएगी, जिससे यात्रियों को अलग-अलग विकल्प देखने में आसानी होगी।
- तेज टिकट बुकिंग प्रक्रिया: बुकिंग के दौरान जरूरी चरणों की संख्या कम की गई है, जिससे टिकट बुकिंग और चेकआउट पहले से अधिक तेज होगा।
- सेव पैसेंजर डिटेल्स की सुविधा: बार-बार यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यात्री विवरण सुरक्षित रखने की सुविधा दी गई है, जिससे हर बार जानकारी दोबारा भरने की आवश्यकता नहीं होगी।
आईआरसीटीसी ने बताया कि बीटा वर्जन से मिलने वाले यात्रियों के सुझावों के आधार पर वेबसाइट में आगे और सुधार किए जाएंगे। भविष्य में इसे नए पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन से भी जोड़ा जाएगा। रेलवे पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम का भी उन्नयन कर रहा है। नया रिजर्वेशन इंजन शुरू होने के बाद आने वाले कुछ सप्ताह में आईआरसीटीसी का पूरी तरह नया पोर्टल सभी यात्रियों के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा।








