
हाथरस 15 जुलाई । हाथरस के लाला का नगला निवासी एक महिला ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता सुनीता पुत्री प्रमोद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह 7 फरवरी 2013 को अवनीश, निवासी जनपद कासगंज, के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। विवाह में उसके परिजनों ने करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे।
सुनीता का आरोप है कि उसका पति नशे का आदी है और शादी के बाद से ही उसके साथ मारपीट करता आ रहा है। उसने आरोप लगाया कि पति लगातार दहेज में मोटरसाइकिल की मांग करता है। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाती है और पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की धमकी दी जाती है। पीड़िता ने बताया कि उसके दो बेटे हैं, लेकिन पति बच्चों के पालन-पोषण के लिए राशन तक उपलब्ध नहीं कराता। इतना ही नहीं, घर आने पर वह अक्सर जान से मारने की धमकी देता है। सुनीता ने अपने सास, ससुर, जेठ और जेठानी पर भी गाली-गलौज, मारपीट और दहेज उत्पीड़न में सहयोग करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति सहित पांच ससुरालीजनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।








