
हाथरस 15 जुलाई। गांव गंगचौली स्थित आरके सिंह कन्या महाविद्यालय के संचालन को लेकर की गई शिकायत के बाद राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय की तीन सदस्यीय जांच समिति ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने महाविद्यालय परिसर के साथ-साथ शिकायत में उल्लिखित मांटेसरी स्कूल का भी निरीक्षण कर भूमि, भवन एवं अभिलेखों का गहन परीक्षण किया। जानकारी के अनुसार, शहर के विष्णुपुरी खंदारी गढ़ी निवासी राजकुमार पुत्र झम्मनलाल ने विश्वविद्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जिस भूमि एवं भवन के आधार पर आरके सिंह कन्या महाविद्यालय को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी किया गया, वहां पहले से ही एक मांटेसरी स्कूल संचालित हो रहा है। साथ ही विश्वविद्यालय पर नियमों की अनदेखी कर संबद्धता प्रदान करने का भी आरोप लगाया गया था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया। समिति ने सबसे पहले आरके सिंह कन्या महाविद्यालय का निरीक्षण किया और इसके बाद लगभग 500 मीटर दूर स्थित मांटेसरी स्कूल पहुंचकर वहां की स्थिति का भी जायजा लिया। जांच के दौरान टीम ने दोनों संस्थानों से संबंधित भूमि के दस्तावेज, भवन की स्थिति, उपलब्ध कक्ष, आधारभूत सुविधाओं एवं अन्य अभिलेखों का मिलान किया। करीब दो घंटे तक चली जांच के बाद समिति आवश्यक दस्तावेज एवं तथ्य अपने साथ लेकर लौट गई। जांच समिति के सदस्य एवं पीसी बागला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महावीर सिंह छोंकर ने बताया कि जांच प्रक्रिया गोपनीय है, इसलिए इसके संबंध में कोई जानकारी साझा नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर समिति ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंप दी है। अब रिपोर्ट के परीक्षण के बाद विश्वविद्यालय स्तर पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101












