Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 जुलाई। जिले में इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश सरकार से बजट जारी होने के बाद संभागीय परिवहन विभाग को ई-वाहनों पर दी जाने वाली सब्सिडी की धनराशि प्राप्त हो गई है। अब अगले दो दिनों के भीतर सभी पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रोत्साहन राशि भेज दी जाएगी। बजट उपलब्ध न होने के कारण पिछले करीब तीन महीने से जिले के 220 इलेक्ट्रिक वाहन स्वामियों की सब्सिडी का भुगतान लंबित था। वाहन खरीदने के बाद आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद लाभार्थियों को राशि नहीं मिल सकी थी। शासन से धनराशि जारी होने के बाद परिवहन विभाग ने भुगतान की प्रक्रिया तेज कर दी है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) लक्ष्मण प्रसाद ने बताया कि सभी पात्र लाभार्थियों के दस्तावेजों एवं पात्रता का सत्यापन पूरा हो चुका है। अब सब्सिडी की राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में 10 इलेक्ट्रिक चारपहिया वाहन स्वामियों को प्रति वाहन एक-एक लाख रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। वहीं, 210 इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन खरीदने वाले लाभार्थियों को प्रति वाहन पांच-पांच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। परिवहन विभाग के अनुसार, सब्सिडी मिलने से न केवल लाभार्थियों को आर्थिक राहत मिलेगी, बल्कि जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page