
हाथरस 14 जुलाई। शहर के कोतवाली सदर क्षेत्र में टोना-टोटका और संकट दूर करने का झांसा देकर दो शातिर ठगों ने एक महिला से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात ठग लिए। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली सदर क्षेत्र के चक्की बाजार निवासी संजय कुमार जैन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे उनकी पत्नी रीना जैन सब्जी खरीदने के लिए नयागंज सब्जी मंडी गई थीं। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति उनसे मिले और बातों में उलझाकर कहा कि उनके ऊपर संकट मंडरा रहा है, जिसे वे अपने उपायों से दूर कर देंगे। इसके लिए उन्होंने महिला से उन्हें घर ले चलने को कहा। आरोप है कि रीना जैन उनकी बातों में आ गईं और दोनों को अपने घर ले आईं। घर पहुंचने के बाद आरोपियों ने उनसे घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात मंगवाए। इसके बाद बातों में उलझाकर उन्होंने जेवरात की पोटली बदल दी और उसकी जगह कागजों से भरी पोटली रख दी। जाते समय आरोपियों ने महिला से कहा कि पोटली पर मंत्र पढ़ दिए गए हैं और इसे दो घंटे बाद ही खोलना। शाम करीब 6:30 बजे जब रीना जैन ने पोटली खोली तो उसमें जेवरात की जगह केवल कागज मिले। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार कोतवाली पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी (सदर) हिमांशु माथुर ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बाजार में पूछताछ कर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही दोनों ठगों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।











