Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 12 अगस्त। आजादी की वर्षगांठ के मद्देनजर शासन के निर्देश पर क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल बनाने और लोगों को अभियान से जोड़ने की कवायद शुरू हो गई है। इसी क्रम में सादाबाद के खंड विकास कार्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं। ये सेल्फी प्वाइंट लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गए हैं। यहां पहुंचने वाले लोग देशभक्ति की थीम पर बने इन प्वाइंट्स के साथ तस्वीरें खिंचवाकर अपने परिचितों के साथ साझा कर रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बनाए गए सेल्फी प्वाइंट को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। अस्पताल में तैनात चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी के दौरान भी समय निकालकर यहां तस्वीरें ले रहे हैं। उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आने वाले मरीज और उनके तीमारदार भी यहां रुककर सेल्फी लेने में पीछे नहीं हैं। सुबह से ही सेल्फी प्वाइंट पर लोगों की आवाजाही बनी हुई है। खंड विकास कार्यालय परिसर में भी सेल्फी प्वाइंट को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। यहां कार्यालय आने वाले ग्रामीण और कर्मचारी भी सेल्फी लेकर आजादी के पर्व के प्रति अपनी खुशी व्यक्त कर रहे हैं। लोगों में सेल्फी लेने की होड़ देखी जा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. दानवीर सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार अस्पताल परिसर में यह सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों और देशभक्ति की भावना से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सेल्फी प्वाइंट पर लोगों का उत्साह देखकर यह स्पष्ट है कि आजादी के पर्व को लेकर उनमें खासा जोश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page