
हाथरस 11 जुलाई। मुरसान कोतवाली क्षेत्र के गांव जटोई से एक 18 वर्षीय युवती के घर से नकदी और जेवर लेकर लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के पिता ने गांव के ही एक युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित पिता के अनुसार, 8 जुलाई की रात करीब 12 बजे परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान उनकी 18 वर्षीय बेटी घर से बिना बताए चली गई। आरोप है कि जाते समय वह घर में रखे मंगलसूत्र, अंगूठी, एक जोड़ी तोड़िया, कई जोड़ी कानों के कुंडल तथा 8,500 रुपये नकद भी साथ ले गई। सुबह बेटी के घर पर नहीं मिलने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। पिता ने तहरीर में बताया कि करीब चार माह पहले गांव गुठलीपुर निवासी छोटू उर्फ गोपाल ने उन्हें धमकी दी थी कि वह मौका मिलने पर उनकी बेटी को अपने साथ ले जाएगा। आरोप है कि 9 जुलाई की सुबह जब वह युवक के घर पहुंचे तो उसकी मां ने बताया कि छोटू भी पिछली शाम से घर नहीं लौटा है। इसी आधार पर उन्हें आशंका है कि छोटू ही उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





















