
लखनऊ 10 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात बड़े प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सचिव एवं विशेष सचिव स्तर के 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इसके साथ ही आजमगढ़, बलिया और इटावा के मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ) को भी बदल दिया गया। वहीं, पीसीएस से आईएएस बने कुछ अधिकारियों को नई तैनाती भी दी गई है। तबादला सूची के अनुसार सुधा वर्मा को सचिव राजस्व के पद से श्रमायुक्त नियुक्त किया गया है। यह पद मार्कंडेय शाही के सेवानिवृत्त होने के बाद रिक्त था। डॉ. सारिका मोहन को महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं सचिव चिकित्सा शिक्षा के पद से हटाकर महानिरीक्षक निबंधन बनाया गया है, जबकि नेहा शर्मा को महानिरीक्षक निबंधन से महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं सचिव चिकित्सा शिक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अरुण कुमार को अपर महानिदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म से मिशन निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य आजीविका मिशन बनाया गया है। वहीं जे. रीभा को विशेष सचिव भूतत्व एवं खनिकर्म के वर्तमान पद के साथ अपर निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। दीपा रंजन को मिशन निदेशक उत्तर प्रदेश राज्य आजीविका मिशन से विशेष सचिव संस्कृति विभाग बनाया गया है। संजय कुमार प्रथम को विशेष सचिव संस्कृति के प्रभार से कार्यमुक्त करते हुए निदेशक संस्कृति का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। वहीं विशाल सिंह को विशेष सचिव संस्कृति के पद पर बनाए रखते हुए निदेशक सूचना एवं निदेशक संस्कृति के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। सरकार ने संदीप भागिया को अपर आयुक्त राज्य कर गौतमबुद्धनगर एवं गाजियाबाद द्वितीय से स्थानांतरित कर प्रबंध निदेशक, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम नियुक्त किया है। वहीं परीक्षित खटाना को मुख्य विकास अधिकारी आजमगढ़ से अपर आयुक्त राज्य कर, गौतमबुद्धनगर भेजा गया है और राकेश कुमार पटेल को अपर आयुक्त लखनऊ मंडल से मुख्य विकास अधिकारी, आजमगढ़ बनाया गया है। रेणु तिवारी को विशेष सचिव महिला कल्याण एवं बाल विकास तथा सचिव राज्य महिला आयोग के पद से कार्यमुक्त कर दिया गया है। जग प्रवेश को नगर आयुक्त मथुरा-वृंदावन से विशेष सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग बनाया गया है। ओजस्वी राज को मुख्य विकास अधिकारी बलिया से नगर आयुक्त मथुरा-वृंदावन नियुक्त किया गया है, जबकि आलोक कुमार को एडीएम (वित्त एवं राजस्व) से मुख्य विकास अधिकारी, बलिया बनाया गया है। इसी क्रम में अजय कुमार गौतम को मुख्य विकास अधिकारी इटावा से अपर आयुक्त राज्य कर, गाजियाबाद प्रथम तथा संजय कुमार सिंह को एडीएम (प्रशासन) से मुख्य विकास अधिकारी, इटावा नियुक्त किया गया है। मनिकंदन ए. को प्रतीक्षारत सूची से हटाकर अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त, राजस्व परिषद बनाया गया है। इसके अलावा डॉ. वंदना वर्मा को विशेष सचिव चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग एवं संयुक्त प्रबंध निदेशक राज्य चीनी निगम के वर्तमान दायित्वों के साथ संयुक्त प्रबंध निदेशक, सहकारी चीनी मिल्स संघ का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।


























