
हाथरस 08 जुलाई। जनपद में आज तड़के करीब 4 बजे तक रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा। कहीं तेज तो कहीं रिमझिम फुहारों ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई और मौसम पूरी तरह सुहाना हो गया। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि आज अधिकतम तापमान घटकर 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। लगातार हुई बारिश के चलते शहर के अधिकांश इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई स्थानों पर नालियां उफनकर सड़कों पर आ गईं, जिससे नगर की ड्रेनेज और सीवरेज व्यवस्था की पोल खुल गई। सड़कों पर पानी भरने के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश का असर सरकारी कार्यालयों पर भी देखने को मिला। कोतवाली सदर परिसर में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे आने-जाने वाले लोगों और पुलिस कर्मियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश के चलते बी एच आयल मिल, उपाध्याय गली, तबेला गली, सादाबाद गेट, नवीपुर आदि जगहों पर पानी भराव के चलते लोगो तो काफी परेशनियो का सामना करना पड़ा। सुबह स्कूली बच्चे बारिश में भीगते हुए स्कूल पहुंचते नजर आए, जबकि कई लोगों ने छाते और रेनकोट का सहारा लेकर अपने गंतव्य तक पहुंचने का प्रयास किया। जलभराव के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बारिश के चलते शहर और आसपास के क्षेत्रों में कई जगह बिजली आपूर्ति भी बाधित रही, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई। लगातार हो रही बारिश के बीच नागरिकों ने नगर की जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त किए जाने की मांग की है।





















