
हाथरस 08 जुलाई। सदर कोतवाली क्षेत्र के चामड़ गेट स्थित सिकंदर तकिया और निकटवर्ती कल्याण कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने दो सूने मकानों के ताले तोड़कर जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चामड़ गेट सिकंदर तकिया निवासी मीनू गौतम, पत्नी स्वर्गीय पंकज कुमार, ने कोतवाली सदर पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने अपना मकान जलेसर निवासी धर्मपाल सिंह को किराये पर दे रखा है। धर्मपाल सिंह अपने पैतृक गांव गए हुए थे। इसी दौरान 6 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर कमरे में रखी दो सोने की अंगूठियां, किरायेदार की चांदी की पाजेब तथा करीब पांच हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। पीड़िता ने अपनी तहरीर में यह भी बताया कि उसी रात चोरों ने पास स्थित कल्याण कॉलोनी निवासी संजय गुप्ता, पुत्र स्वर्गीय सत्यप्रकाश गुप्ता, के मकान का भी ताला तोड़ दिया। वहां से भी एक सोने की अंगूठी और कुछ नकदी चोरी कर ली गई। घटना की जानकारी सुबह होने पर आसपास के लोगों को दी गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पीड़िता की तहरीर के आधार पर सदर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की तलाश में जुटी है।




















