Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 08 जुलाई। शहर के मधुगढ़ी स्थित डाकखाने वाली गली निवासी एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने, मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर महिला थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता प्रज्ञा दीक्षित, पुत्री रामकृष्ण राजू, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह 18 फरवरी 2024 को अभिषेक हरियाणा, पुत्र रमेशचंद्र शर्मा, निवासी गांव सीर सोखना, के साथ श्रीजी फार्म हाउस, हाथरस में संपन्न हुआ था। विवाह में उसके पिता ने लगभग 75 से 80 लाख रुपये खर्च किए थे। प्रज्ञा का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही पति, सास और ससुर दहेज से असंतुष्ट होकर उससे एक बड़ी कार और 10 लाख रुपये नकद लाने की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई, गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकियां दी गईं। पीड़िता ने बताया कि उसका पति दिल्ली में चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) के रूप में प्रैक्टिस करता है। आरोप है कि दिल्ली में रहने के दौरान भी उसके साथ लगातार मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता रहा। प्रज्ञा के अनुसार, कुछ दिन पहले उसका पति उसे टैक्सी से मायके लेकर आया और घर के बाहर गाड़ी से धक्का देकर उतारते हुए कहा कि “कार और 10 लाख रुपये लेकर आना, अन्यथा घर में कदम मत रखना।” शोर सुनकर उसका भाई आदित्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति एवं अन्य नामजद आरोपियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page