Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 07 जुलाई। सीएचसी में उमसभरी गर्मी के कारण मरीजों की संख्या में भारी वृद्धि दर्ज की गई है। सोमवार को दोपहर 12 बजे तक 360 मरीजों का पंजीकरण हो चुका था, और चिकित्सकों का अनुमान है कि दोपहर 2 बजे तक यह संख्या 500 के पार पहुंच सकती है। मानसून सक्रिय होने के बावजूद क्षेत्र में पर्याप्त बारिश न होने से उमसभरी गर्मी का प्रकोप जारी है। तेज धूप और बढ़ी हुई नमी के कारण वायरल बुखार, उल्टी-दस्त, पेट दर्द और डिहाइड्रेशन जैसी मौसमी बीमारियों के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। इसका सीधा असर सीएचसी सादाबाद की ओपीडी पर देखने को मिल रहा है, जहां सोमवार सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। अस्पताल परिसर दिनभर मरीजों और उनके तीमारदारों से खचाखच भरा रहा। चिकित्सकों के कक्षों के बाहर भी लंबी लाइनें देखी गईं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने अतिरिक्त व्यवस्थाएं की हैं। अलग-अलग कक्षों में चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके और किसी एक कक्ष पर अधिक दबाव न पड़े। लैब में भी ब्लड टेस्ट सहित अन्य आवश्यक जांच कराने वालों की संख्या लगातार बढ़ी रही। गर्मी जनित बीमारियों से निपटने के लिए अस्पताल में विशेष वार्ड भी तैयार रखा गया है। हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गंभीर मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। चिकित्सकीय स्टाफ लगातार मरीजों की जांच और निगरानी में जुटा रहा। सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दानवीर सिंह ने बताया कि अस्पताल में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। प्रत्येक कक्ष में अलग-अलग चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है तथा मरीजों की जांच के बाद आवश्यक दवाएं और उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप में अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, हल्का व ताजा भोजन करने तथा बुखार, उल्टी-दस्त या तेज कमजोरी होने पर चिकित्सक की सलाह लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page